एंटरटेनमेंट डेस्क: बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त और अभिनेत्री माधुरी दीक्षित एक दौर में अपनी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री के लिए काफी चर्चा में रहे थे। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया, लेकिन साल 1991 में रिलीज हुई फिल्म ‘साजन’ से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा अब फिर सुर्खियों में है। फिल्म के निर्देशक लॉरेंस डिसूजा ने खुलासा किया है कि शूटिंग के दौरान संजय दत्त कैमरे के लेंस से माधुरी दीक्षित के क्लोजअप देखा करते थे।
माधुरी का क्लोजअप आते ही कैमरे के पास पहुंच जाते थे संजय
फिल्ममेकर लॉरेंस डिसूजा ने सिद्धार्थ कन्नन के शो में बातचीत के दौरान बताया कि फिल्म ‘साजन’ की शूटिंग के समय संजय दत्त माधुरी दीक्षित के क्लोजअप को कैमरे के जरिए देखने में खास दिलचस्पी लेते थे। जब भी माधुरी का क्लोजअप शूट होता था, संजय दत्त कैमरे के पास आकर कहते थे, ‘दिखा-दिखा’।
लॉरेंस ने यह भी स्पष्ट किया कि संजय दत्त ऐसा हर कलाकार के साथ नहीं करते थे, बल्कि वह खासतौर पर माधुरी दीक्षित के क्लोजअप देखने के लिए ऐसा करते थे। इस पुराने किस्से ने एक बार फिर दोनों कलाकारों के बीच उस दौर में चर्चित रही नजदीकियों की यादें ताजा कर दी हैं।
क्या रिलेशनशिप में थे संजय और माधुरी?
बातचीत के दौरान फिल्ममेकर से संजय दत्त और माधुरी दीक्षित के कथित रिश्ते को लेकर भी सवाल किया गया। 90 के दशक में दोनों के अफेयर की खबरें काफी चर्चा में रही थीं। हालांकि, दोनों ने कभी सार्वजनिक रूप से इन खबरों पर कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की।
इस सवाल पर लॉरेंस डिसूजा ने कहा कि उन्हें दोनों के रिश्ते के बारे में जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि उस समय उनका काम काफी ज्यादा था और वह शूटिंग में व्यस्त रहते थे। लोग आपस में बातें करते थे, लेकिन वह इन चर्चाओं पर ध्यान देने के बजाय अपने काम पर फोकस करते थे।
सलमान, संजय और माधुरी को मिली थी बराबर फीस
फिल्ममेकर ने फिल्म ‘साजन’ की फीस को लेकर भी एक दिलचस्प जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि फिल्म में मुख्य भूमिकाएं निभाने वाले संजय दत्त, सलमान खान और माधुरी दीक्षित तीनों को 11-11 लाख रुपये फीस दी गई थी।
लॉरेंस ने सलमान खान से जुड़ा एक किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि एक दिन सलमान ने उनसे पूछा था कि फिल्म ‘साजन’ के लिए उन्हें कितनी फीस दी गई थी। इस पर निर्देशक ने बताया कि उन्हें 11 लाख रुपये मिले थे।
सेट पर खूब मस्ती करते थे तीनों कलाकार
लॉरेंस डिसूजा से यह भी पूछा गया कि क्या सलमान खान और संजय दत्त माधुरी दीक्षित का ध्यान आकर्षित करने के लिए कोई खास कोशिश करते थे। इस पर उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ खास नहीं था, लेकिन सेट पर तीनों कलाकार खूब मस्ती करते थे। शूटिंग का माहौल काफी अच्छा रहता था।
1991 में रिलीज हुई थी सुपरहिट फिल्म ‘साजन’
गौरतलब है कि फिल्म ‘साजन’ का निर्देशन लॉरेंस डिसूजा ने किया था। साल 1991 में रिलीज हुई इस फिल्म में संजय दत्त, माधुरी दीक्षित और सलमान खान मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म में कादर खान, रीमा लागू और लक्ष्मीकांत बेर्डे जैसे कलाकार भी नजर आए थे।
फिल्म को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला था। इसके गाने भी काफी लोकप्रिय हुए थे। आज भी ‘साजन’ को 90 के दशक की यादगार रोमांटिक फिल्मों में गिना जाता है।













मुख्य समाचार
देश








राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत





