लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर खींचतान तेज होती दिखाई दे रही है। सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच जारी असहमति अब सार्वजनिक बयानों के जरिए सामने आने लगी है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की 37 सीटों पर जीत में राहुल गांधी की भी अहम भूमिका रही थी।
इमरान मसूद के इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस की मजबूत दावेदारी के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने साफ कर दिया कि कांग्रेस हर बार गठबंधन में त्याग करने के लिए तैयार नहीं है और सपा को भी उदारता दिखानी चाहिए।
राहुल गांधी के योगदान का दिया हवाला
इमरान मसूद ने 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी को मिली सफलता में कांग्रेस और राहुल गांधी का भी योगदान था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गठबंधन धर्म निभाते हुए बड़ा दिल दिखाया, लेकिन हर बार कांग्रेस से ही समझौते की उम्मीद करना उचित नहीं है।
मसूद ने सवाल उठाया कि क्या समाजवादी पार्टी सीटों के बंटवारे में कांग्रेस के प्रति उदारता नहीं दिखा सकती? उनके इस बयान से साफ संकेत मिल रहे हैं कि कांग्रेस आगामी चुनाव में अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी कम करने के पक्ष में नहीं है।
‘जीरो सीट देंगे तो नतीजा भी जीरो होगा’
कांग्रेस सांसद ने सीट बंटवारे के मुद्दे पर सपा को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि अगर कांग्रेस को शून्य सीटें दी जाएंगी तो परिणाम भी शून्य ही होगा। उन्होंने उन सीटों पर सपा को खुद चुनाव लड़कर जीतने की चुनौती दी, जहां कांग्रेस को कमजोर माना जा रहा है।
मसूद का यह बयान दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर चल रही राजनीतिक खींचतान को और हवा दे सकता है।
कांग्रेस की 105 से ज्यादा सीटों पर नजर
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सीटों की मांग को लेकर इमरान मसूद ने कहा कि पार्टी केवल 105 सीटों तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि इससे अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छुक है।
उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय कांग्रेस ने 105 सीटों पर चुनाव लड़ा था। अब पार्टी का संगठन पहले की तुलना में मजबूत हुआ है। ऐसे में कांग्रेस को अधिक सीटें मिलनी चाहिए।
खरगे की नसीहत के बाद भी मसूद के तेवर बरकरार
इमरान मसूद के लगातार आ रहे बयानों के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लखनऊ में संविधान रक्षा सम्मेलन के दौरान पार्टी नेताओं को नसीहत दी थी। खरगे ने मसूद की सक्रियता का उल्लेख करते हुए कहा था कि टीवी पर बयान देने के साथ-साथ जमीन पर काम करना भी जरूरी है।
खरगे की इस टिप्पणी को पार्टी के भीतर अनुशासन बनाए रखने और सार्वजनिक बयानबाजी के बजाय संगठन को मजबूत करने की सलाह के तौर पर देखा गया।
सपा के पांच उम्मीदवारों की घोषणा से भी बढ़ी नाराजगी
सीट बंटवारे पर बातचीत के बीच समाजवादी पार्टी ने बेहट, सहारनपुर, कैराना, अमरोहा और ललितपुर विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी। सपा के इस कदम से कांग्रेस नेताओं की नाराजगी सामने आई थी। खासकर सहारनपुर जिले की सीटों को लेकर दोनों दलों के बीच दावेदारी का सवाल महत्वपूर्ण हो गया है।
क्या टूटेगा गठबंधन का समीकरण?
फिलहाल सपा और कांग्रेस दोनों ही विपक्षी राजनीति में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहते हैं। एक तरफ अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी अपनी राजनीतिक जमीन और प्रभाव बनाए रखना चाहती है, वहीं कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अपने संगठन के विस्तार के साथ अधिक सीटों की मांग कर रही है।
इमरान मसूद के बयान ने इस राजनीतिक मुकाबले को नया मोड़ दे दिया है। अब बड़ा सवाल यह है कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव के बीच बातचीत के बाद सीट बंटवारे का क्या फॉर्मूला निकलता है और क्या दोनों दल 2027 के विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर उतर पाएंगे?













मुख्य समाचार
देश







राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत




