डेस्क : पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच दक्षिण कोरिया ने स्पष्ट किया है कि उसकी इस संघर्ष में हस्तक्षेप करने या क्षेत्र में अपने सैनिक तैनात करने की कोई योजना नहीं है। दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्यून ने गुरुवार, 26 नवंबर को ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची के साथ टेलीफोन पर बातचीत के दौरान यह आश्वासन दिया।
दक्षिण कोरिया स्थित ईरानी दूतावास के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच बातचीत में पश्चिम एशिया के ताजा हालात और द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तार से चर्चा हुई। बातचीत के दौरान ईरानी विदेश मंत्री अराघची ने क्षेत्र में विदेशी सैन्य बलों की मौजूदगी को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि विदेशी सैनिकों की तैनाती से शांति और सुरक्षा स्थापित होने के बजाय तनाव और बढ़ सकता है। इससे मौजूदा संघर्ष का दायरा भी बढ़ने की आशंका है।
ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में बताया कि अराघची ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए ईरान की ओर से किए जा रहे कूटनीतिक प्रयासों की जानकारी भी दक्षिण कोरियाई विदेश मंत्री को दी।
दक्षिण कोरिया ने जताई शांति की उम्मीद
दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्यून ने बातचीत के दौरान क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के प्रति अपने देश का समर्थन दोहराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि दक्षिण कोरिया का युद्ध में शामिल होने या किसी तरह का सैन्य हस्तक्षेप करने का कोई इरादा नहीं है। इसके अलावा, पश्चिम एशिया में सैनिक भेजने की भी कोई योजना नहीं है।
चो ह्यून ने मौजूदा युद्ध और तनाव को समाप्त करने के लिए शांतिपूर्ण कूटनीतिक समाधान की उम्मीद जताई।
ईरान की प्राथमिकता बाहरी दबाव का मुकाबला करना
इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने अपने आधिकारिक टेलीग्राम चैनल और ईरानी समाचार एजेंसी IRNA को दिए इंटरव्यू में कहा कि फिलहाल तेहरान की प्राथमिकता बाहरी दबावों के बीच देश की मजबूती बनाए रखना है।
उन्होंने कहा कि ईरान अपनी घरेलू जरूरतों को पूरा करने के साथ व्यापारिक मार्गों को खुला रखने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। पड़ोसी देशों में तैनात उनके सहयोगी भी ईरान की आवश्यकताओं को पूरा करने और व्यापारिक गतिविधियों को जारी रखने के लिए काम कर रहे हैं।
अराघची ने कहा कि ईरान को घेरना दुश्मनों के लिए संभव नहीं होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कूटनीति ईरान के विकल्पों में शामिल है, लेकिन फिलहाल बाहरी दबावों का मुकाबला करना उसकी प्राथमिकता है।
ईरानी विदेश मंत्री ने बताया कि कतर और पाकिस्तान की मध्यस्थता से बातचीत के प्रयास जारी हैं। दोनों देश इस दिशा में प्रस्ताव और सुझाव दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईरान रक्षा और कूटनीति, दोनों परिस्थितियों के लिए तैयार है।
ट्रंप का दावा- ईरान के खिलाफ जीत हमारी मुट्ठी में
दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी युद्ध को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका की जीत अब उसके हाथ में है और यह युद्ध कब समाप्त होगा, इसका फैसला भी वाशिंगटन अपनी इच्छा से कर सकता है।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान को समझौते का हर संभव मौका दे रहा है, ताकि आगे होने वाली जनहानि को रोका जा सके। हालांकि, उन्होंने इस बात पर संदेह जताया कि ईरान इस अवसर का लाभ उठाएगा या नहीं।
ट्रंप के इस बयान और दक्षिण कोरिया के सैन्य हस्तक्षेप से इनकार के बीच पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को लेकर अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक गतिविधियां तेज बनी हुई हैं।













मुख्य समाचार
देश








राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत




