डेस्क : मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर समय रैना ने YouTube की दुनिया में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वह दुनिया के पहले ऐसे YouTuber बन गए हैं, जिनके चैनल के पेड मेंबर्स की संख्या 10 लाख यानी 1 मिलियन के पार पहुंच गई है। उनकी इस उपलब्धि पर Google India ने भी खुशी जाहिर की है और अपने आधिकारिक ब्लॉग के जरिए उनकी सफलता की सराहना की है।
गूगल इंडिया ने समय रैना की इस उपलब्धि को भारत में हो रहे एक बड़े सांस्कृतिक बदलाव का संकेत बताया है। ब्लॉग में कहा गया है कि आज दर्शक केवल अपने पसंदीदा क्रिएटर्स का कंटेंट देखने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे सदस्यता लेकर उन्हें आर्थिक रूप से सहयोग भी कर रहे हैं। समय रैना के 10 लाख चैनल मेंबर्स का आंकड़ा इसी बदलती डिजिटल संस्कृति को दर्शाता है।
कॉमेडी से लेकर शतरंज की लाइव स्ट्रीमिंग तक बनाई पहचान
समय रैना ने अपने करियर की शुरुआत कॉमेडी के जरिए की थी। वह लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘कॉमिकस्तान सीजन 2’ में बतौर कंटेस्टेंट नजर आए थे। हालांकि वह इस शो के विजेता नहीं बन पाए, लेकिन इसके बाद उन्होंने अपने लाइव कॉमेडी शो के वीडियो YouTube पर साझा करना शुरू किया। दर्शकों को उनका अंदाज पसंद आया और धीरे-धीरे उनकी लोकप्रियता बढ़ती गई।
कॉमेडी के अलावा समय ने शतरंज की लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए भी बड़ी संख्या में दर्शकों को जोड़ा। उनके लाइव सेशन और अलग तरह की प्रस्तुतियों ने उन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एक अलग पहचान दिलाई।
‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ से मिली लोकप्रियता, फिर विवादों में घिरे
समय रैना के करियर को नई पहचान उनके शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ से मिली। यह शो अपने अनोखे फॉर्मेट और प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों के कारण काफी लोकप्रिय हुआ। हालांकि, फरवरी 2025 में शो के एक एपिसोड को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया।
इस एपिसोड में बतौर गेस्ट शामिल हुए रणवीर इलाहाबादिया की एक आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर भारी विरोध हुआ। विवाद बढ़ने पर समय रैना और शो से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ शिकायतें दर्ज हुईं। इसके बाद समय ने अपने YouTube चैनल से शो के सभी पुराने एपिसोड हटा दिए।
‘स्टिल अलाइव’ से की वापसी
विवाद के बाद समय रैना ने अपने स्टैंडअप स्पेशल ‘स्टिल अलाइव’ के जरिए वापसी की। इस शो में उन्होंने मुश्किल दौर के अपने अनुभव साझा किए और बताया कि विवाद का उनके निजी जीवन और मानसिक स्थिति पर कितना प्रभाव पड़ा था।
इसके बाद उन्होंने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के दूसरे सीजन के साथ वापसी की। इस सीजन की स्ट्रीमिंग YouTube के साथ Netflix पर भी हुई।
डिजिटल क्रिएटर्स के लिए बड़ी उपलब्धि
समय रैना का 10 लाख पेड चैनल मेंबर्स का आंकड़ा पार करना केवल एक व्यक्तिगत रिकॉर्ड नहीं है, बल्कि डिजिटल कंटेंट की बदलती दुनिया को भी दर्शाता है। दर्शकों का अपने पसंदीदा क्रिएटर्स के साथ जुड़ने और उन्हें सीधे आर्थिक सहयोग देने का चलन तेजी से बढ़ रहा है।
गूगल इंडिया की तारीफ ने भी इस उपलब्धि को खास बना दिया है। समय रैना की यह सफलता बताती है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शकों का भरोसा और क्रिएटर्स के साथ उनका जुड़ाव अब मनोरंजन से आगे बढ़कर एक मजबूत कम्युनिटी का रूप ले रहा है।













मुख्य समाचार
देश








राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत




