लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर खींचतान लगातार बढ़ती जा रही है। कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी की रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा है कि अगर कांग्रेस को केवल कमजोर सीटें ही दी जानी हैं तो फिर गठबंधन का क्या औचित्य है?
इमरान मसूद ने कहा कि गठबंधन में केवल सीटों की संख्या महत्वपूर्ण नहीं होती, बल्कि उन सीटों पर जीतने की संभावनाएं भी देखी जानी चाहिए। कांग्रेस को ऐसी सीटें देने का कोई मतलब नहीं है, जहां पिछले चुनावों में पार्टी की हार का अंतर 80 हजार से लेकर एक लाख से अधिक वोटों तक रहा हो। उन्होंने सवाल किया कि ऐसी सीटों पर चुनाव लड़कर कांग्रेस आखिर क्या हासिल करेगी?
सीटों की संख्या नहीं, जीतने की संभावना भी जरूरी
मसूद ने सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस की स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि पार्टी को पर्याप्त संख्या में ऐसी सीटें मिलनी चाहिए, जहां वह मजबूती से चुनाव लड़ सके। उन्होंने सीटों के बंटवारे में क्वालिटी और क्वांटिटी दोनों को जरूरी बताया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीतिक कमजोरियों, संगठन की स्थिति और पिछले चुनावों में प्रदर्शन का हवाला देकर बार-बार पार्टी की दावेदारी को कमतर दिखाने की कोशिश की जा रही है। यदि समाजवादी पार्टी कांग्रेस को इतना कमजोर मानती है तो फिर उसके साथ गठबंधन करने की जरूरत ही क्या है?
गठबंधन का मतलब राजनीतिक हितों से समझौता नहीं
कांग्रेस सांसद ने यह भी स्पष्ट किया कि गठबंधन का विरोध करना और सम्मानजनक सीट बंटवारे की मांग करना दो अलग-अलग बातें हैं। उनके मुताबिक कांग्रेस गठबंधन के पक्ष में है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि पार्टी अपने राजनीतिक हितों और कार्यकर्ताओं की मेहनत को नजरअंदाज कर दे।
मसूद ने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक पहचान और संगठनात्मक ताकत के साथ चुनाव लड़ना चाहती है। गठबंधन में शामिल होने का अर्थ अपनी पार्टी के हितों को दूसरे दल के सामने समर्पित कर देना नहीं है।
सपा-कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर बढ़ी खींचतान
उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है। सीटों के बंटवारे पर सहमति नहीं बनने और समाजवादी पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के बाद कांग्रेस नेताओं की नाराजगी खुलकर सामने आई है।
इमरान मसूद इससे पहले भी सपा के एकतरफा फैसलों पर सवाल उठा चुके हैं। उन्होंने गठबंधन में कांग्रेस को सम्मानजनक हिस्सेदारी देने की मांग की है।
अब मसूद के ताजा बयान से साफ है कि उत्तर प्रदेश में विपक्षी गठबंधन के भीतर सीटों को लेकर सहमति बनाना आसान नहीं है। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच बातचीत किस दिशा में आगे बढ़ती है, इस पर राजनीतिक गलियारों की नजर बनी हुई है।













मुख्य समाचार
देश







राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत




