डेस्क : देश की प्रमुख पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर कंपनियों में शामिल बिसलेरी इंटरनेशनल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित कंपनी के एक प्लांट से लिए गए पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के नमूने में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाए गए हैं। जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होने के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी दे दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जलपाईगुड़ी जिले के टेलिपारा गांव स्थित बिसलेरी के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से पानी का नमूना लिया गया था। इसकी जांच में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए नमूने को प्राथमिक प्रयोगशाला के साथ रेफरल फूड लैबोरेटरी में भी जांच के लिए भेजा गया। दोनों प्रयोगशालाओं ने नमूने में बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि की।
यह मामला बैच नंबर PB 201 से संबंधित है। बताया गया है कि जांच में खामी सामने आने के बाद FSSAI ने 12 अगस्त 2026 को इस विशेष बैच की बिक्री पर रोक लगा दी थी। अब प्रयोगशालाओं की रिपोर्ट के आधार पर कंपनी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अभियोजन की मंजूरी दी गई है।
बिसलेरी के लिए यह परेशानी इसलिए भी अहम है, क्योंकि हाल के दिनों में गोवा स्थित कंपनी के प्लांट से जुड़े मामले में भी गुणवत्ता संबंधी गंभीर सवाल उठे थे। वहां से लिए गए पानी के नमूने में ब्रोमेट की निर्धारित सीमा से अधिक मात्रा पाए जाने की बात सामने आई थी। बाद में रेफरल लैबोरेटरी की जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (PAHs) की मौजूदगी भी दर्ज की गई। इसके बाद उस नमूने को भी असुरक्षित घोषित किया गया और कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हुई।
गौरतलब है कि कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी पानी की स्वच्छता और गुणवत्ता पर सवाल खड़े करती है। ये बैक्टीरिया आमतौर पर दूषित जल स्रोतों या स्वच्छता संबंधी खामियों के संकेत माने जाते हैं। ऐसे में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के नमूने में इनकी मौजूदगी उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर विषय है।
लगातार दो राज्यों में कंपनी के प्लांट से जुड़े मामलों के सामने आने के बाद पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की गुणवत्ता को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, पश्चिम बंगाल का मामला फिलहाल एक विशेष बैच से संबंधित है। इसे कंपनी के सभी उत्पादों पर लागू नहीं माना जा सकता। कंपनी की ओर से पश्चिम बंगाल मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।












मुख्य समाचार
देश








राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत




