डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं में बढ़ते नशे और मादक पदार्थों के सेवन को एक गंभीर चुनौती बताते हुए इससे निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया है। रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड में उन्होंने कहा कि नशा युवाओं के सपनों और उनके उज्ज्वल भविष्य के सामने बड़ी बाधा बनकर उभरा है। उन्होंने इस बात पर संतोष जताया कि देशभर में समाज के विभिन्न वर्ग नशे के खिलाफ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभर में ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ पूरी सक्रियता के साथ चल रहा है। उन्होंने युवाओं को नशे के खतरों के प्रति जागरूक करने और उन्हें इस बुरी आदत से दूर रखने की जरूरत पर बल दिया।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ की शुरुआत की थी। इस राष्ट्रव्यापी पहल का उद्देश्य नशे की समस्या से व्यक्ति, परिवार, समाज और पूरे देश को सुरक्षित रखना है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तब यह बेहद जरूरी है कि देश का युवा शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ हो तथा आत्मविश्वास से भरपूर रहे। युवाओं को नशे की घातक आदत से दूर रखना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे और इसकी लत से होने वाले नुकसान को समझना होगा। इसके लिए जागरूकता के साथ सतर्कता भी जरूरी है, ताकि युवा इस विनाशकारी आदत से खुद को दूर रख सकें।
सामूहिक प्रयासों से मिलती है बड़ी ताकत
पीएम मोदी ने सामाजिक अभियानों की सफलता में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि कई ऐसे काम होते हैं, जिन्हें अकेले करना मुश्किल लगता है। व्यक्तिगत स्तर पर प्रयास करने से कभी-कभी निराशा और थकान महसूस हो सकती है, लेकिन जब वही काम सामूहिक अभियान का रूप ले लेता है तो लोगों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है।
उन्होंने कहा कि जब लाखों लोग एक साथ कंधे से कंधा मिलाकर किसी लक्ष्य की ओर बढ़ते हैं, तो मुश्किल काम भी आसान हो जाते हैं। नशामुक्त भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए भी इसी तरह समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है।













मुख्य समाचार
देश








राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत




