डेस्क : उत्तर प्रदेश में किसी व्यक्ति को माफिया घोषित करने की प्रक्रिया और प्रदेश के टॉप-50 माफियाओं की सूची तैयार करने के आधार को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने राज्य सरकार से जवाब तलब किया है। अदालत ने सरकार को दो सप्ताह के भीतर हलफनामा दाखिल कर यह स्पष्ट करने का निर्देश दिया है कि किसी व्यक्ति को माफिया घोषित करने के लिए कौन-सी निर्धारित प्रक्रिया अपनाई जाती है।
न्यायमूर्ति अब्दुल मोईन और न्यायमूर्ति प्रमोद कुमार श्रीवास्तव की खंडपीठ ने यह आदेश 26 नवंबर को बहराइच निवासी गब्बर सिंह उर्फ देवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ राजेश सिंह की याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया। याचिकाकर्ता ने खुद को माफिया घोषित किए जाने और प्रदेश के शीर्ष 50 माफियाओं की सूची में नाम शामिल किए जाने को चुनौती दी है।
मामले की सुनवाई के दौरान अदालत के सामने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से दाखिल हलफनामे का उल्लेख किया गया। इसमें राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव ने बताया था कि याचिकाकर्ता के संबंध में पहले दाखिल हलफनामे में ‘भूमाफिया’ शब्द का इस्तेमाल गलती से हुआ था। सरकार के अनुसार, याचिकाकर्ता को औपचारिक रूप से भूमाफिया घोषित नहीं किया गया था।
सरकार की ओर से यह भी बताया गया कि बहराइच के जिलाधिकारी ने 11 मार्च 2026 को भेजे गए पत्र में स्पष्ट किया था कि एक मई 2017 के शासनादेश के तहत याचिकाकर्ता के खिलाफ भूमाफिया मानकर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
दरअसल, प्रदेश सरकार ने एक मई 2017 को एंटी-भू-माफिया टास्क फोर्स के गठन के संबंध में शासनादेश जारी किया था। इसके तहत जिला स्तर पर भूमाफियाओं की पहचान और राज्य स्तर पर उनकी सूची की समीक्षा की व्यवस्था की गई थी। याचिकाकर्ता का तर्क है कि इस शासनादेश में किसी व्यक्ति को भूमाफिया घोषित करने की स्पष्ट प्रक्रिया निर्धारित नहीं की गई है।
सुनवाई के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि याचिकाकर्ता के भाई ने उसका नाम प्रदेश की टॉप-50 माफिया सूची से हटाने के लिए आवेदन दिया था, जिसे 15 अप्रैल 2026 के आदेश के जरिए खारिज कर दिया गया।
सरकार की ओर से मामले में विस्तृत जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा गया। इस पर हाईकोर्ट ने दो सप्ताह की मोहलत देते हुए हलफनामा प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
अब इस मामले में सरकार को यह स्पष्ट करना होगा कि किसी व्यक्ति को माफिया घोषित करने के लिए क्या मानक निर्धारित हैं और प्रदेश की शीर्ष-50 माफियाओं की सूची में नाम शामिल करने के लिए किन प्रक्रियाओं का पालन किया जाता है। अदालत के इस रुख को सूची तैयार करने की प्रशासनिक प्रक्रिया और उसकी पारदर्शिता के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।













मुख्य समाचार
देश







राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत




