स्पोर्ट्स डेस्क : बांग्लादेश क्रिकेट के अनुभवी बल्लेबाज और विकेटकीपर मुशफिकुर रहीम ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला कर लिया है। करीब 22 साल तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने वाले रहीम फरवरी 2027 में अपना आखिरी मुकाबला खेलेंगे। इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की अंतिम सीरीज होगी।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने शनिवार, 28 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनके संन्यास की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मुशफिकुर ने कुछ दिन पहले ही उन्हें अपने फैसले की जानकारी दे दी थी। रहीम के अनुरोध पर बोर्ड अध्यक्ष ने सार्वजनिक रूप से इस घोषणा की जिम्मेदारी संभाली।
इंग्लैंड के खिलाफ मीरपुर टेस्ट होगा आखिरी मुकाबला
मुशफिकुर रहीम पहले ही वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2022 में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था। इसके बाद 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में बांग्लादेश के अभियान के समाप्त होने के बाद वनडे क्रिकेट से भी संन्यास की घोषणा कर दी थी।
अब वह टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कहने जा रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ फरवरी 2027 में मीरपुर में खेला जाने वाला पहला टेस्ट उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का अंतिम मुकाबला होगा।
2005 में शुरू हुआ था अंतरराष्ट्रीय सफर
रहीम ने मई 2005 में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। उस समय वह महज 18 वर्ष के थे। शुरुआती दौर से ही उन्होंने अपनी प्रतिभा और प्रदर्शन से टीम में जगह बनाई और धीरे-धीरे बांग्लादेश क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल हो गए।
वह बांग्लादेश के पहले बल्लेबाज बने, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 7,000 रनों का आंकड़ा पार किया। इसके अलावा वह देश के एकमात्र क्रिकेटर हैं, जिन्होंने 100 से अधिक टेस्ट मुकाबले खेले हैं।
तीन दोहरे शतक बनाईं करियर की बड़ी उपलब्धि
मुशफिकुर रहीम के टेस्ट करियर में तीन दोहरे शतक दर्ज हैं। वर्ष 2013 में श्रीलंका के खिलाफ गाले में उन्होंने नाबाद 200 रन की पारी खेलकर टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले पहले बांग्लादेशी बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया था।
इसके बाद 2018 में जिम्बाब्वे के खिलाफ मीरपुर में उन्होंने नाबाद 219 रन बनाए। यह आज भी टेस्ट क्रिकेट में किसी बांग्लादेशी बल्लेबाज का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है। उनका तीसरा दोहरा शतक भी वर्ष 2020 में जिम्बाब्वे के खिलाफ आया था।
बीसीबी करेगा विशेष सम्मान समारोह का आयोजन
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने रहीम के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वह बांग्लादेश क्रिकेट के महान खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। उन्होंने कई युवा क्रिकेटरों को प्रेरित किया है और देश के लिए लंबे समय तक शानदार सेवाएं दी हैं।
तमीम इकबाल ने यह भी संकेत दिया कि बोर्ड उनके शानदार करियर और योगदान को सम्मान देने के लिए विशेष समारोह आयोजित करेगा।
मुशफिकुर रहीम का संन्यास बांग्लादेश क्रिकेट के एक महत्वपूर्ण अध्याय का अंत होगा। दो दशक से अधिक समय तक टीम का हिस्सा रहे इस खिलाड़ी ने अपनी बल्लेबाजी, विकेटकीपिंग और अनुभव से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अलग पहचान बनाई है।













मुख्य समाचार
देश








राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत




