लाडनूं : युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमणजी के पावन सान्निध्य में आज जैन विश्व भारती में 25वें अंतरराष्ट्रीय प्रेक्षाध्यान शिविर का मंचीय समारोह आयोजित हुआ। इससे पूर्व प्रातः आचार्यप्रवर अनुभव विला में प्रवास पूर्ण कर जैन विश्व भारती स्थित महाश्रमण विहार भवन में पुनः दीर्घकालीन प्रवास हेतु पधारे। चातुर्मास सम्पन्नता के पश्चात अब आगामी मर्यादा महोत्सव का आयोजन भी इस योगक्षेम वर्ष कालीन प्रवास में लाडनूं में ही निर्धारित है। परमपूज्य अनुशास्ता की सन्निधि में विविध आध्यात्मिक, धार्मिक आयामों से चतुर्विध धर्मसंघ अनूठा लाभ प्राप्त कर रहा है। आज के समारोह में प्रथम बार इंटरनेशनल प्रेक्षा मेडिटेशन अवॉर्ड मेक्सिको की लोरा लीसांते को प्रदान किया गया।
सुधर्मा सभा में मंगल देशना देते हुए आचार्य श्री ने कहा कि तप के आभ्यंतर भेदों में तीसरे भेद के रूप में वैयावृत्य अर्थात सेवा का उल्लेख प्राप्त होता है। इसे तीर्थंकर नाम-गोत्र बंध का कारण भी बताया गया है। तीर्थंकर नाम-कर्म जैसी उच्च स्तरीय पुण्य प्रकृति के साथ वैयावृत्य को जोड़कर सेवा की महिमा को प्रकट किया गया है। वहीं, आचार्य उमास्वाति ने ‘तत्त्वार्थाधिगम सूत्र’ में परस्परोपग्रहो जीवानाम् का सिद्धांत प्रतिपादित किया है। छह द्रव्यों में धर्मास्तिकाय गति में, अधर्मास्तिकाय स्थिति में, आकाशस्तिकाय अवगाहन अर्थात् स्थान देने में तथा पुद्गल प्राणियों के आहार आदि विभिन्न व्यवहारों में सहयोगी बनते हैं, जबकि काल द्रव्य व्यवहार और दिनचर्या के संचालन में सहायक है। इन पांच अचेतन द्रव्यों के बीच एकमात्र सचेतन जीवास्तिकाय परस्पर एक-दूसरे को सहयोग देकर अपने अस्तित्व को सार्थक करता है। तत्त्वार्थ सूत्र ऐसा ग्रंथ है जो दिगंबर और श्वेतांबर दोनों परंपराओं को जोड़ने वाला एक सेतु है। नवकार मंत्र और भक्तामर स्तोत्र के साथ-साथ तत्त्वार्थ सूत्र के मूल सूत्र भी दोनों संप्रदायों में सर्वमान्य हैं, जो जैन एकता के महत्वपूर्ण आधार हैं।
गुरुदेव ने आगे कहा कि सेवा धर्म अत्यंत गहन है, जो योगियों के लिए भी अगम्य माना गया है। स्वाध्याय में जहां केवल मानसिक श्रम होता है, वहीं वैयावृत्य में शारीरिक और मानसिक दोनों प्रकार का श्रम अपेक्षित होता है। निस्वार्थ भाव से की गई सेवा व्यक्ति के भीतर के अहंकार को गलाती है। सेवा करने वाले भले ही संस्कृत, प्राकृत या आगम के बड़े विद्वान न हों, किंतु जिनका मन सेवा में रमा है, वे सेवा-मनीषी के रूप में महिमावान हैं। धर्म संघ में साधु, साध्वी और समणी, ये तीनों गृह-त्यागी और सन्यासी वर्ग में आते हैं। समण श्रेणी भी घर-परिवार का त्याग करके आचार्यों के निर्देश से दीक्षित हुई है और वह धर्म संघ की एक अभिन्न अंग है। कोई भी अस्वस्थ या अक्षम हो जाता है, तो उम्र छोटी है या बड़ी यह मुद्दा नहीं होता, बल्कि बीमार या अक्षम अवस्था में वे सेवा लेने के पूर्ण अधिकारी बन जाते हैं। सेवा के लिए कभी ना नहीं कहना चाहिए। यदि शरीर अनुकूल है और स्वास्थ्य ठीक है, तो जब भी सेवा की अपेक्षा हो, व्यक्ति को सेवा में तत्पर रहना चाहिए। यह हमारे संस्कार और कर्तव्य का हिस्सा है कि संघ में कोई भी असहाय न रहे। सेवा को मन, वचन और तन से करना चाहिए, और सेवा में निपुण साधु-साध्वियों को ही सेवा मनीषी कहा गया है।
अंतर्राष्ट्रीय प्रेक्षा ध्यान शिविर
प्रेक्षा प्रणेता युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमणजी के सान्निध्य में आयोजित शिविर के मंचीय उपक्रम में आचार्य प्रवर ने शिविरार्थियों को प्रेरणा पाथेय प्रदान किया। मुनि कुमारश्रमणजी ने संयोजकीय वक्तव्य प्रदान किया। इस अवसर पर प्रेक्षा इंटरनेशनल के अध्यक्ष श्री संपतमल नाहटा ने अपने विचार रखे। संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने मेक्सिको की लोरा लीसांते को ‘द इंटरनेशनल प्रेक्षा मेडिटेशन अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया।
समारोह में विभिन्न देशों से आए शिविरार्थियों ने भी प्रेक्षाध्यान से जुड़े अपने अनुभव साझा किए, जिनमें दक्षिण कोरिया के फिल्म निर्देशक मिस्टर बेक, रूस की गायिका नतालिया सिलाईवा, कजाकिस्तान से रिमत कटोवा, मेक्सिको से भारतवंशी रम्या जी, इंडोनेशिया (बाली) से आयुविदा तथा लगातार पांचवीं बार शिविर में हिस्सा ले रहीं पलीना लुजिनस्काया भी रहीं।













मुख्य समाचार
देश








राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत




