स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलने का मुद्दा अब क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बन गया है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने टीम मैनेजमेंट के इस फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा है कि जब किसी खिलाड़ी को मैदान पर खेलने का अवसर ही नहीं दिया जाएगा, तो उससे शानदार वापसी की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
कैफ ने सिराज को लगातार टीम से बाहर रखने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में भारत के लिए सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज को इस तरह नजरअंदाज करना समझ से परे है। कैफ के मुताबिक, सिराज के साथ हो रहे व्यवहार में अन्याय साफ दिखाई देता है।
प्रसिद्ध कृष्णा को लेकर भी उठाए सवाल
मोहम्मद कैफ ने टीम चयन में विरोधाभास की ओर इशारा करते हुए प्रसिद्ध कृष्णा को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि यदि टीम मैनेजमेंट प्रसिद्ध कृष्णा को मोहम्मद सिराज से बेहतर विकल्प मानता है, तो दूसरे टेस्ट के लिए उन्हें टीम से बाहर क्यों रखा गया?
कैफ ने कप्तान शुभमन गिल के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने सिराज की गेंदबाजी की रफ्तार में कुछ कमी आने की बात कही थी। गिल ने उम्मीद जताई थी कि सिराज जल्द ही मजबूत वापसी करेंगे।
इस पर कैफ का कहना था कि वापसी के लिए खिलाड़ी को खेलने का मौका देना जरूरी है। उन्होंने सवाल किया कि जब सिराज को प्लेइंग इलेवन में शामिल ही नहीं किया जाएगा, तो वह बाहर बैठकर अपनी क्षमता कैसे साबित करेंगे?
48 टेस्ट का अनुभव रखने वाले सिराज को नहीं मिला मौका
भारतीय टीम ने पहले टेस्ट मुकाबले में जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और युवा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को मौका दिया था। खास बात यह है कि उस समय कंबोज के पास केवल एक टेस्ट मैच का अनुभव था, जबकि सिराज भारतीय टीम के लिए 48 टेस्ट मुकाबले खेल चुके थे।
सिराज को टीम से बाहर रखने के फैसले पर पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर और पूर्व कोच रवि शास्त्री भी सवाल उठा चुके हैं।
गिल ने बताया था मुश्किल फैसला
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने को अपने लिए मुश्किल फैसला बताया था। उन्होंने कहा था कि सिराज बेहतरीन खिलाड़ी और शानदार गेंदबाज हैं। दोनों ने दिसंबर 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न टेस्ट से एक साथ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था और उनके बीच अच्छी दोस्ती भी है।
हालांकि, गिल ने स्पष्ट किया था कि टीम चयन करते समय मौजूदा फॉर्म और गेंदबाजों के प्रदर्शन को प्राथमिकता देनी पड़ती है।
मोहम्मद कैफ की टिप्पणी ने एक बार फिर भारतीय टीम में चयन प्रक्रिया और खिलाड़ियों को मिलने वाले अवसरों पर बहस छेड़ दी है। अब देखना होगा कि आगामी मुकाबलों में टीम मैनेजमेंट सिराज को प्लेइंग इलेवन में शामिल करता है या नहीं।













मुख्य समाचार
देश








राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत




