यह विवाद 25 नवंबर को आयोजित भुवन बाम के ‘लावारी शो’ से जुड़ा है। कार्यक्रम के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद उनकी प्रस्तुति को लेकर सवाल उठने लगे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि शो के दौरान किए गए कुछ मजाक और मंच पर की गई हरकतें शैक्षणिक संस्थान की गरिमा के अनुरूप नहीं थीं।
क्या है पूरा विवाद?
शिकायत के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान भुवन बाम ने एक महिला कलाकार के साथ बातचीत में कथित तौर पर दोहरे अर्थ वाली टिप्पणी की। इसके अलावा, उनके चर्चित किरदार ‘टीटू मामा’ का संदर्भ देते हुए पानी की बोतल के साथ एक आपत्तिजनक हरकत की नकल करने का भी आरोप लगाया गया है। कार्यक्रम में अभिनेत्री संजीदा शेख सहित अन्य कलाकार भी मौजूद थे।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस तरह की प्रस्तुति से विश्वविद्यालय परिसर के शैक्षणिक और सांस्कृतिक माहौल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन की अनुमति को लेकर भी उठे सवाल
शिकायत में कहा गया है कि पारुल यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से आयोजकों को कार्यक्रम के दौरान संस्थान की गरिमा और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे। शो के लिए साफ-सुथरी कॉमेडी की अनुमति दी गई थी। इसके बावजूद कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां और प्रस्तुतियां दी गईं।
मामले में शिकायत दर्ज कराने वाले महेंद्रप्रताप सिंह विश्वविद्यालय में पिछले पांच वर्षों से सिक्योरिटी हेड के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने 29 नवंबर को वडोदरा ग्रामीण के वाघोडिया पुलिस थाने में शिकायत दी।
BNS की धारा 296 के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भुवन बाम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 के तहत एफआईआर दर्ज की है। यह धारा सार्वजनिक स्थान पर अश्लील कृत्य और अश्लील शब्दों के इस्तेमाल से संबंधित है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोशल मीडिया पर भी हो रही प्रतिक्रिया
शो के वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। कुछ लोगों ने कार्यक्रम की सामग्री पर आपत्ति जताई और कार्रवाई की मांग की। वहीं, इस विवाद ने शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित मनोरंजन कार्यक्रमों की विषयवस्तु और उनकी मर्यादा को लेकर भी बहस छेड़ दी है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों पर जांच पूरी होने और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।













मुख्य समाचार
देश








राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत




