डेस्क : एटीएम से नकदी निकालने वाले बैंक ग्राहकों के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इन नियमों के तहत एटीएम से मुफ्त लेनदेन की निर्धारित सीमा, अतिरिक्त ट्रांजैक्शन पर लगने वाले शुल्क और नकदी निकासी से जुड़े प्रावधानों को स्पष्ट किया गया है। नए निर्देश 27 नवंबर 2026 से लागू हो गए हैं।
आरबीआई ने एटीएम और पॉइंट ऑफ सेल (PoS) मशीनों के माध्यम से नकदी निकासी से संबंधित पुराने 17 सर्कुलर को एकीकृत कर नया मास्टर डायरेक्शन जारी किया है। इसका उद्देश्य बैंकिंग सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ाना और ग्राहकों को लेनदेन से जुड़े नियमों की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराना है।
महीने में कितनी बार कर सकेंगे मुफ्त ट्रांजैक्शन?
नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, बैंक ग्राहकों को हर महीने सीमित संख्या में मुफ्त एटीएम ट्रांजैक्शन की सुविधा मिलती रहेगी। अपने बैंक के एटीएम से ग्राहक पांच मुफ्त ट्रांजैक्शन कर सकेंगे। वहीं, दूसरे बैंक के एटीएम से मेट्रो शहरों में तीन और नॉन-मेट्रो शहरों में पांच मुफ्त ट्रांजैक्शन की सुविधा होगी।
इस सीमा में नकदी निकासी के साथ बैलेंस चेक करने जैसे गैर-वित्तीय लेनदेन भी शामिल होंगे। मेट्रो और नॉन-मेट्रो दोनों क्षेत्रों में दूसरे बैंक के एटीएम का इस्तेमाल करने पर कुल मुफ्त ट्रांजैक्शन की सीमा पांच रहेगी।
अतिरिक्त ट्रांजैक्शन पर देना होगा 23 रुपये तक शुल्क
मुफ्त ट्रांजैक्शन की निर्धारित सीमा समाप्त होने के बाद बैंक प्रत्येक अतिरिक्त लेनदेन पर अधिकतम 23 रुपये शुल्क वसूल सकेंगे। इस राशि पर लागू टैक्स अलग से देना पड़ सकता है। ग्राहकों को अतिरिक्त शुल्क से बचाने और उन्हें पहले से जानकारी देने के लिए बैंकों को ट्रांजैक्शन संबंधी जानकारी पारदर्शी तरीके से उपलब्ध करानी होगी।
दूसरे बैंक के एटीएम से 10 हजार रुपये तक निकासी
आरबीआई के नए प्रावधानों के तहत दूसरे बैंक के एटीएम से एक बार में अधिकतम 10,000 रुपये तक नकदी निकाली जा सकेगी। हालांकि, ग्राहकों को संबंधित बैंक की दैनिक निकासी सीमा का भी ध्यान रखना होगा।
फेल ट्रांजैक्शन पर नहीं कटेगी मुफ्त सीमा
तकनीकी खराबी, नेटवर्क संबंधी समस्या या एटीएम में नकदी उपलब्ध नहीं होने के कारण यदि ट्रांजैक्शन असफल होता है तो ग्राहक की मुफ्त ट्रांजैक्शन सीमा में उसकी गिनती नहीं होगी। ऐसे मामलों में बैंक ग्राहक से कोई अतिरिक्त शुल्क भी नहीं वसूल सकेंगे।
PoS मशीन से भी नकदी निकालने की सुविधा
आरबीआई ने दुकानों पर उपलब्ध पॉइंट ऑफ सेल (PoS) मशीनों के माध्यम से नकदी निकासी के प्रावधानों को भी स्पष्ट किया है। ग्राहक डेबिट कार्ड, पात्र फुल-KYC प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट और UPI के जरिए इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके तहत एक बार में अधिकतम 2,000 रुपये और महीने में कुल 10,000 रुपये तक नकदी निकाली जा सकेगी।
आरबीआई के नए निर्देशों का उद्देश्य एटीएम सेवाओं को अधिक पारदर्शी बनाना और ग्राहकों को संभावित शुल्क की जानकारी पहले से उपलब्ध कराना है। इससे बैंक ग्राहकों को अपने मुफ्त ट्रांजैक्शन का बेहतर हिसाब रखने में मदद मिलेगी।













मुख्य समाचार
देश








राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत




